चिकित्सकों ने बताया कि बच्चा लगभग दो महीनों से सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द से परेशान था।
Child Diaphragmatic Hernia Treatment SMS Hospital: सवाई मानसिंह (SMS) चिकित्सालय में 11 वर्षीय बच्चे का जटिल सर्जरी ऑपरेशन सफल अलवर निवासी 11 वर्षीय बच्चे का सवाई मानसिंह (SMS) चिकित्सालय के सर्जरी विभाग में जटिल लेकिन सफल ऑपरेशन कर नई जिंदगी दी गई। बच्चा पिछले लगभग दो महीनों से सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द से परेशान था। तेज़ चलने-फिरने या दौड़ने पर उसकी सांस फूल जाती थी और सीने में दर्द बढ़ जाता था। इसके कारण उसका खेलना-कूदना बंद हो गया था और पढ़ाई भी प्रभावित होने लगी थी।
दो सप्ताह पहले बच्चे के परिजनों ने अस्पताल की ओपीडी में परामर्श लिया। सभी जांचों और रिपोर्टों के अध्ययन में यह पाया गया कि बच्चे को जन्म से ही डायफ्रामेटिक हर्निया की समस्या थी। इस स्थिति में पेट और सीने को अलग करने वाली झिल्ली (डायफ्राम) में छेद होने के कारण लीवर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा, गॉल ब्लाडर और बड़ी आंतें सीने के दाहिने हिस्से में चली गई थीं।
इसके परिणामस्वरूप दाहिना फेफड़ा सिकुड़ गया था और बच्चे को पर्याप्त सांस नहीं मिल पा रही थी। अब तक वह लगभग सिर्फ एक फेफड़े के सहारे जीवन यापन कर रहा था।
डॉ. जीवन कांकरिया ने बताया कि डायफ्रामेटिक हर्निया एक दुर्लभ जन्मजात बीमारी है। आमतौर पर यह समस्या शरीर के बाएँ हिस्से में पाई जाती है, जबकि दाएँ हिस्से में होने वाले मामले बहुत कम होते हैं। यही कारण है कि यह मामला चिकित्सकीय दृष्टि से और भी चुनौतीपूर्ण था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सर्जरी करने का निर्णय लिया गया।
परंपरागत रूप से ऐसे मामलों में पेट और सीने दोनों को खोलकर या पीठ की तरफ बड़ा चीरा लगाकर ऑपरेशन किया जाता है (लैप्रोटॉमी या थोराकोटॉमी के माध्यम से)। लेकिन इस मामले में पूरी सर्जरी लैप्रोस्कोपिक तकनीक से करने का निर्णय लिया गया, जो तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण था।
सर्जरी के दौरान सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि लीवर का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा, गॉल ब्लाडर और बड़ी आंतें सीने में चली गई थीं। इन सभी अंगों को सीने से निकालकर वापस पेट में स्थापित करना लैप्रोस्कोपिक इंस्ट्रूमेंट्स की मदद से बहुत कठिन था। विशेष रूप से लीवर की सतह बहुत स्लिपरी होने के कारण उसे सुरक्षित रूप से पेट में वापस रखना सर्जरी की सबसे बड़ी चुनौती रही। इसी चुनौती को स्वीकार करते हुए ऑपरेशन सफलतापूर्वक लैप्रोस्कोपिक तरीके से किया गया।
इस पूरी सर्जरी में केवल तीन छोटे-छोटे छेद किए गए — एक 10 मिमी का और दो 5 मिमी के। इन छोटे छेदों के माध्यम से लगभग दो घंटे तक चली जटिल सर्जरी में सभी अंगों को सावधानीपूर्वक वापस पेट में स्थापित किया गया। ऑपरेशन के दौरान फेफड़े को फुलाकर उसकी कार्यप्रणाली की जांच की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि वह सही तरीके से काम कर रहा है।
इसके बाद डायफ्राम में मौजूद छेद को विशेष जाली (मेश) लगाकर मजबूती से बंद किया गया। सर्जरी की एक खास बात यह रही कि लंबे समय तक सीने में रहने के कारण बच्चे का लीवर लगभग तीन गुना बढ़ गया था, जिसे सफलतापूर्वक पेट में स्थापित किया गया।
ऑपरेशन के सात दिन बाद बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। अब उसे न तो सांस लेने में कोई तकलीफ है और न ही सीने में दर्द। वह सामान्य रूप से चल-फिर रहा है और जल्द ही अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों, पढ़ाई और खेलकूद में वापस लौट सकेगा। ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार की जटिलता नहीं हुई।
इन चिकित्सकों की भूमिका
इस सफल सर्जरी में एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. सुशील भाटी, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. इंदु और डॉ. मनोज सोनी का विशेष योगदान रहा। सर्जरी टीम में डॉ. बुगालिया, डॉ. गरिमा, डॉ. अनिल और डॉ. मेकला ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही नर्सिंग स्टाफ, विशेषकर अंजू सिस्टर सहित पूरी टीम ने ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
इस जटिल और सफल सर्जरी पर सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी और विभागाध्यक्ष डॉ. ऋचा जैन ने पूरी टीम को बधाई दी और इसे चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
(For more news apart from 11-Year-Old with Rare Congenital Diaphragmatic Hernia Successfully Operated at SMS Hospital news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)