बुजुर्ग के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था
जयपुर। राजस्थान के अलवर में 80 वर्षीय एक व्यक्ति की उनके घर में कथित तौर पर लूटपाट के दौरान हत्या कर दी गई। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बुजुर्ग का शव मिला तो उनके हाथ पैर बंधे थे और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था। पुलिस को संदेह है कि गुरूवार को लूटपाट के दौरान उनकी हत्या की गई। मृतक की पहचान दिनेश चंद्र अग्रवाल के रूप में हुई है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र के खदाना मोहल्ले में अकेले रहते थे।
पुलिस के अनुसार, अग्रवाल रोज शाम को अपने बेटे विकास अग्रवाल के घर भोजन करने जाते थे। गुरूवार रात जब वह वहां नहीं पहुंचे तो परिजन उनके घर गए। वहां उन्होंने अग्रवाल को एक कमरे में मृत पाया। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि घर में अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले दरवाजे से घर में घुसे और वहां रखी लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
अग्रवाल पुराने नोट बदलने का काम करते थे और आमतौर पर अपने घर में काफी मात्रा में नकदी रखते थे। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि पुलिस टीमों ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज 12 घंटे में दोनों मुख्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी 20-20 वर्ष के हैं। उनकी पहचान करण कोली और तेजू उर्फ तेजपाल के रूप में हुई है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। इस बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरूवार रात अग्रवाल के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रशासनिक विफलता का एक और गंभीर उदाहरण है।