पुलिस ने लूटी गई नकदी और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की
नई दिल्ली। मध्य दिल्ली पुलिस ने बैंकों से नकदी निकालने वाले लोगों का पीछा कर उन्हें कथित रूप से लूटने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये गिरफ्तारियां पहाड़गंज में दिनदहाड़े एक व्यक्ति के साथ लूटपाट के मामले में की गई हैं।
पुलिस ने लूटी गई नकदी की 50,000 रुपये की पूरी राशि और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। लूट की यह वारदात आठ जुलाई को तब हुई जब पीड़ित ने झंडेवालान के एक बैंक से एक लाख रुपये निकाले।
पुलिस ने बताया कि जब वह घर लौट रहा था, तो अनारकली बाजार एक्सटेंशन के पास मोटरसाइकिल सवार लोगों ने उसे रोक लिया और उससे 50,000 रुपये लूट लिए और भाग गए।
पहाड़गंज थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों आरोपियों - मोहम्मद मुसैद (41), मोहम्मद सईद (33), मोहम्मद मारूफ (54) और तंजील अहमद (59) को उसी दिन एक होटल के कमरे से पकड़ लिया गया। ये सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने बैंकों से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाने और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर लूटने की बात कबूल की। चारों का दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पिछला आपराधिक रिकॉर्ड है।