काठमांडू के मोहत्री निवासी कृष्ण देव ठाकुर (61) के रूप में हुई मृतक की पहचान
3 जुलाई से शुरू हुई पवित्र अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं इस यात्रा के बीच अमरनाथ यात्रा से लौट रहे नेपाल के 61 वर्षीय श्रद्धालु की बृहस्पतिवार को बनिहाल में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान कृष्ण देव ठाकुर के रूप में हुई है। वह काठमांडू के मोहत्री के रहने वाले थे।
अधिकारियों के अनुसार, बालटाल मार्ग से लौटते समय बनिहाल के नवयुग सुरंग के निकट वह अचानक बेहोश हो गए। पहले उन्हें लंबर यात्रा मैदान स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उप-जिला अस्पताल (एसडीएच), बनिहाल रेफर किया गया। बाद में उन्हें अनंतनाग सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किया गया, जहां पर श्रद्धालु की उपचार के दौरान मौत हो गई।