सड़क में बैठी गायों को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
भिंडः मध्य प्रदेश के भिंड जिले में देर रात एक बड़ा हादसा हुआष बता दें कि भिंड जिले में स्थित नेशनल हाईवे 719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास एक लोडिंग वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हुए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गोहद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, ग्वालियर जिले के डबरा के पास चिनोर गांव में धान रोपाई का काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के पछगवां, लखीमपुर खीरी एवं आसपास के गांवों के रहने वाले मजदूर लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 719 पर छीमका गांव के पास देर रात सामने से आ रहे ट्रक से लोडिंग वाहन की जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि ये सड़क हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर बैठी गायों को एकदम देखने के बाद उसे बचाने की कोशिश की गई थी। दोनों ही वाहनों की जबरदस्त टक्कर गोने के बाद मौके पर 5 लोगों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और डायल 108 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 108 एम्बुलेंस प्रभारी प्रभांशु दुबे द्वारा तुरंत 5 डायल 108 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई, जिसके बाद डायल 112 वाहन और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को गोहद अस्पताल भिजवाया गया। घायलों की हालत काफी गंभीर बनी थी, जिसके बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया लेकिन उनमें से और 3 लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।