ऑस्ट्रेलिया-भारत सीरीज, साउथ अफ्रीका-पाकिस्तान मुकाबले और न्यूजीलैंड- जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के बाद रैंकिंग में बड़े बदलाव देखने को मिले
Smriti Mandhana ODI ranking: महिला क्रिकेट की ताजा आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। मंगलवार (3 फरवरी) को जारी नई वनडे रैंकिंग में भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज बन गई हैं।
मंधाना ने 790 रेटिंग अंक हासिल कर दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वॉल्वार्ट को पीछे छोड़ दिया। हालांकि दोनों के समान 790 अंक हैं, लेकिन हालिया प्रदर्शन के आधार पर मंधाना शीर्ष स्थान पर पहुंच गईं।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 58 और 31 रन की पारियां खेलीं, जो उन्हें नंबर-1 रैंक तक पहुंचाने में निर्णायक साबित हुईं। वहीं, लॉरा वॉल्वार्ट को मार्च-अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज में फिर से शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका मिलेगा।
किंग ने तोड़ा एक्लेस्टोन का चार साल का दबदबा
गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग ने इतिहास रच दिया है। 775 रेटिंग अंकों के साथ वह पहली बार वनडे गेंदबाजों की नंबर-1 रैंकिंग पर पहुंचीं। यह उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी है।
किंग ने तीन वनडे मैचों में 16.71 की औसत से 7 विकेट हासिल किए। तीसरे वनडे में उन्होंने 10 ओवर में 4/33 का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत मेजबान टीम को 185 रन से बड़ी जीत मिली।
इस प्रदर्शन के साथ ही उन्होंने इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन के लगभग चार साल से चले आ रहे नंबर-1 के वर्चस्व को समाप्त कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया की सीरीज जीत और हीली की विदाई
ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू मैदान पर खेले गए पहले तीन टी20 मैचों में से दो गंवाए, लेकिन वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। टीम की जीत में बेथ मूनी, ऐश गार्डनर और कप्तान एलिसा हीली का अहम योगदान रहा।
एलिसा हीली ने अपने आखिरी वनडे मुकाबले में शानदार शतक जड़ा और 744 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए अपने वनडे करियर को अलविदा कहा। उनसे ऊपर बेथ मूनी (749 अंक) हैं, जबकि ऐश गार्डनर 724 अंकों के साथ उनसे नीचे हैं।
सीरीज 0-3 से गंवाने के बावजूद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को व्यक्तिगत रैंकिंग में फायदा हुआ। 53, 54 और 25 रन की पारियों की बदौलत वह चार स्थान ऊपर चढ़कर 652 अंकों के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गईं।
साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच हुई वनडे सीरीज के बाद भी कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार हुआ। पाकिस्तान की सादिया इकबाल पांच स्थान ऊपर चढ़कर 583 अंकों के साथ 14वें स्थान पर पहुंच गईं। वहीं फातिमा सना ऑलराउंडर रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाकर 180 अंकों के साथ 15वें नंबर पर पहुंच गईं।
(For more news apart from Smriti Mandhana Reclaims Top Spot In Women's ODI Batting Rankings news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)