14वाँ पाल पारिवारिक मिलन सह सम्मान समारोह डॉ. दिलीप कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ
पटना :जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान, पटना में पाल इंटेलेक्चुअल फोरम के तत्वावधान में 14वाँ पाल पारिवारिक मिलन सह सम्मान समारोह डॉ. दिलीप कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन फोरम के संयोजक डॉ. बिनोद पाल ने किया। कार्यक्रम चार सत्रों में आयोजित किया गया।कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि इस वर्ष का समारोह महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि नारी केवल सृष्टि की सहचरी ही नहीं, बल्कि सूजन की प्रथम कड़ी है। यदि उसे ज्ञान का अवसर मिलता है तो वह पीढ़ियों को संस्कारित करती है, अवसर मिलता है तो परिवार और समाज को समृद्धि का मार्ग दिखाती है तथा सम्मान मिलने पर समाज में संतुलन और संवेदना का विस्तार करती है। उन्होंने कहा कि नारी का उत्थान ही समाज का वास्तविक विकास है।
फोरम के संयोजक डॉ. बिनोद पाल ने माता सावित्रीबाई फुले को अपना आदर्श बताते हुए मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अहिल्याबाई होलकर ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए समाज सुधार का आदर्श प्रस्तुत किया तथा सती प्रथा जैसी कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यह केवल पाल समाज ही नहीं बल्कि बहुजन समाज के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में लाए बिना राज्य और समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।
डॉ. बिनोद पाल ने सरकार से प्रमोशन में अति पिछड़ी जातियों को आरक्षण लागू करने, अति पिछड़ा वर्ग से अपेक्षाकृत मजबूत जातियों को अलग करने तथा बिहार में अन्य सेवाओं में भी अति पिछड़ी जातियों के लिए आरक्षण की सीमा 18 प्रतिशत से बढ़ाकर 21 प्रतिशत करने की मांग की। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की भी बात कही। उन्होंने आजादी के बाद पहली बार पाल समाज से प्रो. नागेंद्र राउत के विधायक बनने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को समाज की ओर से बधाई भी दी और कहा कि आने वाले समय में कोई भी राजनीतिक दल पाल समाज की अनदेखी नहीं कर सकता।
इस अवसर पर उपस्थित मुख्य अतिथि विधायक प्रो. नागेंद्र राउत (सुरसंड विधानसभा) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट देकर विधानसभा भेजने का अवसर दिया है, जिसके लिए वे उनके प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि वे पाल समाज के साथ-साथ बहुजन समाज के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक आवाज़ उठाते रहेंगे।
इस मौके पर डॉ. ओ. पी. गुजेला ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, "मेरा शुरू से ही यह सपना रहा है कि पाल समाज का कोई बेटा बिहार विधानसभा तक पहुँचे। जब से में पाल इंटेलेक्चुअल फोरम से जुड़ा हूँ, तभी से लगातार एक ही आवाज उठाता रहा हूँ 'पाल समाज की भागीदारी। इसके लिए मैंने न केवल पाल इंटेलेक्चुअल फोरम की बैठकों और सम्मेलनों में अपनी बात रखी, बल्कि अपने लेखों के माध्यम से भी पाल समाज को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। आज प्रो. नागेंद्र राउत के विधायक चुने जाने पर मुझे जो खुशी हो रही है, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।"