मुख्यमंत्री भगवंत मान ने वायरल वीडियो को फर्जी बताया।
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज, 15 जनवरी को अमृतसर स्थित सिख धर्म के सर्वोच्च धार्मिक स्थल श्री अकाल तख्त साहिब में पेशी पूरी कर चुके हैं। मुख्यमंत्री लगभग 45 मिनट तक अकाल तख्त सचिवालय के भीतर रहे।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनके पूर्व बयानों को लेकर जत्थेदार साहिब को पूरी जानकारी और स्पष्टीकरण दे दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर यह गलत धारणा बनाई जा रही थी कि वे अकाल तख्त को चुनौती दे रहे हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। सीएम ने कहा कि उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब में मत्था टेका और जत्थेदार को बताया कि उनके मन में संस्था के प्रति पूर्ण सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इस मामले में जो भी निर्देश या निर्णय लिया जाएगा, उसकी उन्हें जानकारी दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें संतोष और मानसिक शांति मिली है कि वे लोगों की भावनाओं को लिखित रूप में और अपने स्पष्टीकरण के जरिए जत्थेदार के समक्ष रख सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह वीडियो पूरी तरह से नकली है और इस पर किसी तरह का स्पष्टीकरण देना उचित नहीं है। उन्होंने यह बात जत्थेदार को भी स्पष्ट रूप से बता दी है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करीब साढ़े 11 बजे ही अकाल तख्त सचिवालय पहुंच गए थे। वह नंगे पांव, सिर झुकाकर स्वर्ण मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पहले मत्था टेका। इसके बाद वह काले रंग के दो बैग लेकर-जिनमें कथित सबूत थे-अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप धालीवाल ने बताया कि बैठक के दौरान केवल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और जत्थेदार उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच बातचीत हुई और मुख्यमंत्री वही दस्तावेज़ और सबूत लेकर आए थे, जिनकी मांग अकाल तख्त के जत्थेदार ने की थी।
(For more news apart from Punjab CM appeared before Sri Akal Takht news in hindi, stay tuned to Rozanapokesman Hindi)