यह घोषणा पत्र छात्र कल्याण एवं परिसर विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया
पटना : पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के परिप्रेक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा एवं पारदर्शी प्रशासन की प्रतिबद्धता के साथ एक व्यापक घोषणा पत्र जारी किया गया। यह घोषणा पत्र छात्र कल्याण एवं परिसर विकास को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
इस अवसर पर अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि “अभाविप सदैव छात्र हितों के लिए संघर्षरत रही है। हमारा यह घोषणा पत्र केवल वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि पटना विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने का संकल्प पत्र है। हम विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद कर इन सभी बिंदुओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
घोषणा पत्र में प्रमुख रूप से निम्नलिखित बिंदुओं को शामिल किया गया है—
1.प्रवेश परीक्षा की पुनर्बहाली – वर्ष 2020 से बंद पड़ी प्रवेश परीक्षा को पुनः प्रारंभ कर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण नामांकन प्रक्रिया सुनिश्चित करना।
2.छात्र सुरक्षा हेतु ‘पिंक बूथ’ की स्थापना – परिसर में छात्राओं की सुरक्षा के लिए सुदृढ़ इंटजाम और विशेष सुरक्षा दस्ता।
रोजगार प्रशिक्षण केंद्र – कौशल विकास एवं करियर गाइडेंस के लिए समर्पित केंद्र की स्थापना।
3.PU प्लेसमेंट सेल का सशक्तिकरण – प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु सक्रिय प्लेसमेंट व्यवस्था।
4.आधुनिक चालान प्रणाली – शुल्क भुगतान प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाना।
परिसर में रेलवे टिकट काउंटर – छात्रों की सुविधा हेतु कैंपस में टिकट बुकिंग की व्यवस्था।
5.PU स्पोर्ट्स सेल – खेल गतिविधियों को बढ़ावा एवं खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा।
6.सैदपुर परिसर विकास – लंबित निर्माण कार्यों को पूर्ण कर व्यवस्थित एवं आधुनिक परिसर का निर्माण।
7.24x7 सेंट्रल लाइब्रेरी – छात्रों के लिए केंद्रीय पुस्तकालय को चौबीसों घंटे खोलने की व्यवस्था।
8.कला एवं शिल्प महाविद्यालय में PG कोर्स – स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ कराने की पहल।
9.CCTV निगरानी एवं हाइजीनिक कैंटीन – पूरे परिसर में सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे तथा स्वच्छ, पौष्टिक भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करना।
प्रेस वार्ता में अभाविप के प्रांत मंत्री सुमित कुमार सिंह, क्षेत्र के मीडिया संयोजक रविकरण कुमार, तथा पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अभाविप समर्थित उम्मीदवार— अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनुष्का कुमारी, उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार गुंजेश कुमार, महासचिव पद की उम्मीदवार प्रिया सिंह, संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार अभिषेक कुमार एवं कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार हर्षवर्धन उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से घोषणा पत्र जारी करते हुए छात्र-छात्राओं से समर्थन की अपील की।
अभाविप ने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र हितों, पारदर्शिता, सुरक्षा और शैक्षणिक गुणवत्ता के मुद्दों पर आधारित यह घोषणा पत्र पटना विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और विश्वविद्यालय को नई दिशा प्रदान करेगा।