पटना साहिब सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने किया सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी का किया अभिनंदन
नई दिल्लीः पटना साहिब से सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री रविशंकर प्रसाद ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी को NH-22(पुराना नाम NH-83) पुनपुन के निकट से NH-31 (पुराना नाम NH-30) दीदारगंज तक भाया SH-01 गौरीचक पुनपुन सुरक्षा बांध सह पथ के विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए सहमति देने पर उनका अभिनंदन व्यक्त किया है। माननीय मंत्री जी ने पत्रांक वी.आई.पी. संदर्भ सं.-BR015434, दिनांक 27 जनवरी, 2026 द्वारा इसकी जानकारी दी।
ज्ञातव्य हो कि इस संदर्भ में माननीय सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से कई बार मिलकर आग्रह किया था और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री जी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए आश्वासन दिया था। यह भी ज्ञातव्य हो, पटना साहिब सांसद श्री रविशंकर प्रसाद ने ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतश कुमार से बैठक में इस सड़क के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण के लिए आग्रह किया था।
माननीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री जी ने श्री प्रसाद के आग्रह का संज्ञान लेते हुए वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की नीति के तहत यातायात घनत्व, माल ढुलाई, यात्री आवाजाही, क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक दृष्टिकोण, पर्यटन, पीएम गतिशक्ति के सामंजस्य तथा राष्ट्रीय राजमार्गो की जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क निर्माण के अंतर्गत NH-22 (पुराना नाम NH-83) पुनपुन के निकट से NH-31 (पुराना नाम NH-30) दीदारगंज तक भाया SH-01 गौरीचक पुनपुन सुरक्षा बांध सह पथ के विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए सहमति प्रदान की है और संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देष दिया है।
इस सड़क के विस्तारीकरण एवं चौड़ीकरण होने से फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया से बख्तियारपुर-दीदारगंज होते हुए गया की ओर आने-जाने वाले लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा सड़क पर दवाब कम पडे़गा। साथ ही इस मार्ग के दीदारगंज के पास 26 किलोमीटर लंबे गंगा-पथ से जुड़ने से पटना शहर के लाखों लोगों को सहुलियत होगी। इसके अलावा इस सड़क से जुडे़ हुए क्षेत्र जैसे कंडाप, लंका कछुआरा, गोपालपुर, गौरीचक, फतेहपुर, संपतचक, माधवपुर, पुनपुन तथा इसके आसपास के अन्य गाँव के लाखों लोगों को भी आवागमन में सुविधा होगी जहाँ अभी भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। इस योजना से NH-22 पुनपुन के निकट से NH-31 दीदारगंज तक भाया SH-01 होते हुए गौरीचक से सीधा जुड़ाव हो जाएगा तथा यह सड़क पटना में रिंग रोड की तरह काम करेगा। इसके अलावा पुनपुन और दीदारगंज के बीच इस सड़क के बनने से NH-22, NH-31 से सीधा जुड़ जाएगा और पटना शहर के बाहर से ही NH-22 से NH-31 होते हुए राजेन्द्र सेतु से उत्तर बिहार तथा भागलपुर होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर जाना सुविधाजनक हो जायेगा।
श्री प्रसाद ने पुनः अपने पटना साहिब क्षेत्रवासियों की ओर से भी श्री नितिन गडकरी जी का अभिनंदन किया है।