सांसद संजय सेठ ने कहा -मल्टी लेवल पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें.
रांची (संवादाता) : रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों को लेकर आज कार्यकारी एजेंसी के द्वारा एक प्रेजेंटेशन दिया गया। इस अवसर पर रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, मंडल रेल प्रबंधक जसमीत सिंह बिंद्रा, सीएनआर डीसीएम निशांत कुमार सहित अन्य रेलवे अधिकारी व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
इसमें अब तक हुए विकास कार्य की जानकारी दी गई। भविष्य की योजनाओं के विषय में भी बताया गया। मूल रूप से रेलवे स्टेशन का पूरा विकास दो क्षेत्र में बांटकर किया जाना है। नॉर्थ और साउथ एरिया को लेकर स्टेशन का पुनर्विकास होगा। प्रथम चरण में साउथ एरिया का कार्य चल रहा है। इसके पूर्ण होने के बाद ही नॉर्थ एरिया का काम शुरू किया जाएगा। यह कार्य 2025 मई तक पूर्ण होना है। साउथ एरिया का कार्य जून 2024 तक पूर्ण होने की जानकारी दी गई। यह बताया गया कि पहले साउथ एरिया का विकास किया जाएगा। इसके बाद नॉर्थ एरिया को इधर शिफ्ट करके, फिर नॉर्थ एरिया का विकास होगा। पुराने भवन को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा। नया स्टेशन दो मंजिला होगा, जिसमें प्लाजा एरिया, ड्रॉप पिकअप सेंटर, पर्याप्त कमर्शियल स्पेस, दोनों तरफ 100 कमरों के रिटायरिंग रूम, लगभग 2500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा छोटे बच्चों के लिए प्लेयिंग एरिया और महिलाओं के लिए फीडिंग एरिया भी बनाया जाना है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त पार्किंग के साथ ही दोनों क्षेत्रों में फर्स्ट एड की सुविधा भी होगी। नई रेलवे स्टेशन के 30% बिजली का उपयोग सौर ऊर्जा से किया जाएगा। इसके साथ ही 17 लिफ्ट और 19 एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे।
photo
ऐसी व्यवस्था की जा रही है, जिसे सिर्फ यात्री ही स्टेशन परिसर के अंदर तक जा सके। टेंपो, टैक्सी और निजी वाहनों के लिए अलग लेन की भी व्यवस्था की जा रही है।
इस दौरान सांसद सेठ ने यह निर्देश दिया कि साउथ एरिया के कार्य को को मार्च 2024 तक करने का प्रयास करें। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में ही भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा और स्टेशन के बगल स्थित तालाब के सौंदर्यीकरण किया जाए। संसद में गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए हर कार्य की वीडियोग्राफी करने का भी निर्देश दिया इसके अलावे मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था के साथ ही बेसन के पार्किंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। विधायक सीपीसिंह ने कहा कि स्टेशन के नॉर्थ और साउथ दोनों एरिया में पुलिस पोस्ट हो, इसकी व्यवस्था करें।
photo
वहीं इस कार्यक्रम में यह भी सुझाव आया कि रेलवे को व्यवसाईयों और ट्रांसपोर्टर के साथ भी मिलकर काम करना चाहिए ताकि आम जनता को और अधिक से अधिक सुविधाएं दी जा सके। सांसद ने कहा कि यह स्टेशन भारत के अत्याधुनिक स्टेशनों में से एक होगा। जहां हर छोटी से बड़ी सुविधा उपलब्ध रहेगी। लगभग 12000 लोगों की क्षमता के साथ इस स्टेशन का विकास किया जा रहा है। आने वाले 50 वर्षों से भी अधिक समय को देखते हुए इसकी पूरी योजना तैयार की गई है। एयरपोर्ट की तर्ज पर होने वाले इस विकास कार्य का अभी 10% कार्य पूर्ण हो चुका है। सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के द्वारा राँची को दिए गए इस अनुपम सौगात के लिए उनके प्रति आभार जताया।