अपनी नियुक्ति के लिए श्री रजक ने पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ० जौहर आज़ाद के प्रति अपना आभार व्यक्त किया
पटना : लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता संजय कुमार रजक को बिहार प्रदेश आजाद समाज पार्टी (कां) का प्रधान महासचिव नियुक्त किया गया है। इसकी जानकारी आज अपने आवास पर पत्रकारों से बात-चीत के दौरान संजय कुमार रजक द्वारा दी गई तथा पार्टी द्वारा जारी इस आशय के पत्र की प्रति भी साझा की गई। अपनी नियुक्ति के लिए श्री रजक ने पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व तथा प्रदेश अध्यक्ष डॉ० जौहर आज़ाद के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों तथा दलित-वंचित समाज की हर उम्मीद पर खरा उतरने का भरपूर प्रयास करूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि मैं सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई पूरे दम-खम के साथ जारी रखूँगा तथा संविधान और डॉ. आंबेडकर जी के विचार एवं माननीय कांशी राम जी की बहुजन राजनीति के सिद्धांतों को अक्षरशः आगे बढ़ाने का कार्य करूंगा। शीघ्र ही प्रदेश में आजाद समाज पार्टी (कां) की मुख्य विचारधारा बहुजन सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय, संविधानवाद और जातिगत भेदभाव को लेकर जारी लड़ाई अब और रफ्तार पकड़ेगी। मैं प्रदेश के समस्त दलित एवं वंचित समुदाय से अपील करता हूँ कि वे पूरी ताकत से आजाद समाज पार्टी (कां) का हाथ मजबूत करें ताकि “बहुजन” यानी समाज के बहुसंख्यक वंचित वर्गों की राजनीतिक शक्ति में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।