
आरकेडी में ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ पर परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित
Patna News: पटना, राजधानी के रामकृष्ण द्वारिका महाविद्यालय के सभागार में शनिवार को 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूमाई दलसानिया और संयोजक पूर्व विधान पार्षद प्रो. रणवीर नंदन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण द्वारिका महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने किया।
देशवासी पीएम मोदी के मुहिम एक राष्ट्र एक चुनाव का करें सहयोग : डॉ. जगन्नाथ गुप्ता
अपने अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य डॉ. जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव देश की जरूरत है और इसका सभी लोगों को समर्थन करना चाहिए। देशवासियों को एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुहिम एक राष्ट्र एक चुनाव का सहयोग करना चाहिए।
परिचर्चा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लगातार चुनाव से देश की प्रगति बाधित होती है और जनता के टैक्स के पैसे जो विकास में खर्च होने चाहिए उसका अपव्यय होता है। बार बार चुनाव से देश में राजनीतिक, प्रशासक कर्मी व पुलिस प्रशासन अपना मूल कार्य छोड़ चुनाव में व्यस्त हो जाते हैं। श्री चौहान ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से देश के मंत्री से लेकर राजनीतिक दलों के नेता अपना चुनाव प्रचार में वयस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में 1952 से 1967 तक लोकसभा चुनाव व विधानसभा के चुनाव पहले एकसाथ ही होते थे मगर कांग्रेस के द्वारा चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने की नीति से देश को अलग-अलग चुनाव को बोझ पड़ रहा है। उन्होंने देश के युवाओं व बुद्धिजीवियों से आग्रह किया कि वे राष्ट्रहित के लिए एक राष्ट्र एक चुनाव के लिए अपनी आवाज को बुलंद करें और सरकार को संविधान संशोधन के लिए बाध्य करें। उन्होंने कहाकि देश में जो पैसे चुनाव में खर्च हो रहे है उसका अगर अस्पताल निर्माण व किसानों के कल्याण में खर्च होता तो जनता का भला होता।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एक राष्ट्र एक चुनाव के प्रदेश संयोजक प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि लोकसभा चुनाव व विधानसभा चुनाव अलग अलग होने से देश का श्रम, अर्थ का अपव्यय होता है और देश का विकास बाधित होता है।
धन्यवाद ज्ञापन प्रो स्मिता बैदेही ने किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ उषा विद्यार्थी, कुंतल कृष्णन, अंजनी गुप्ता, शैलजा सिंहा, सरिता कुमारी, मयूराक्षी रानी, निधि सिंहा सहित बड़ी संख्या में एनसीसी एनएसएस से जुड़े छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक मौजूद रहे।
(For More News Apart From Frequent elections obstacle in progress of the country Shivraj Singh Chouhan News In Hindi , Stay Tuned To Spokesman Hindi)