कार्यक्रम में सीएम-डिप्टी सीएम के अलावा कई अधिकारी मौजूद।
Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 25 लाख लाभार्थी महिलाओं के खातों में एक क्लिक के जरिए 10,000 रुपये भेजे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक महिला को 10,000 रुपये के रूप में कुल 2,500 करोड़ रुपये का ऑनलाइन हस्तांतरण किया।(Chief Minister Nitish Kumar transferred Rs 10,000 each to the accounts of 25 lakh women under the 'Chief Minister Women Employment Scheme')
इसके पहले, 1.56 करोड़ लाभार्थी महिलाओं के खातों में 15,600 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। अब कुल मिलाकर 1.81 करोड़ महिलाओं के खातों में इस योजना के तहत 10,000 रुपये जमा किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बड़ी संख्या में जुड़ीं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस योजना से कई महिलाओं ने अपनी पसंद का रोजगार शुरू किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो महिलाएं अपना व्यवसाय सफलतापूर्वक चलाएंगी, उन्हें आगे 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब इसके बाद जो परिवार बचे हैं, उन्हें भी जल्द ही सहायता राशि दे दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने शुरू से ही महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया है। पहले बिहार में स्वयं सहायता समूह की संख्या बहुत कम थी, लेकिन अब संख्या काफी बढ़ गई है।
बता दें कि अगले पांच वर्षों में विकास की गति को और तेज करने के लिए ‘सात निश्चय-3’ का गठन किया गया है। इसके अंतर्गत पहले निश्चय ‘दोगुना रोजगार-दोगुनी आय’ के तहत राज्य की प्रति व्यक्ति औसत आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर परिवार की एक महिला को 10 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
नीतीश कुमार ने इस दौरान कई लाभार्थी महिलाओं से वार्ता भी की। इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार सहित कई अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी, लाभार्थी भी जुड़े हुए थे। (इनपुट-आईएएनएस)
(For more news apart from Chief Minister Nitish Kumar transferred Rs 10,000 each to the accounts of 25 lakh women under the 'Chief Minister Women Employment Scheme' news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)