विपक्ष की ओर से लोकसभा के सेक्रेटरी जनरल को सौंपे गए अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस पर 118 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं.
Parliament Budget Session 2026: संसद के चालू बजट सत्र की शुरुआत से ही लोकसभा में तनाव बढ़ता ही जा रहा है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने अब सीधे स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश किया है, जिसे लोकसभा सचिवालय और लोकसभा महासचिव को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, अविश्वास प्रस्ताव के नोटिस में विपक्ष ने यह आधार पेश किया है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोलने नहीं दिया गया। लोकसभा स्पीकर के खिलाफ यह अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस अनुच्छेद 94(सी) के तहत पेश किया गया है।
लोकसभा में कांग्रेस के डिप्टी लीडर गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव पर कुल 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं। यह नोटिस दोपहर 1:14 बजे लोकसभा महासचिव को सौंपा गया। विपक्ष की ओर से अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंपे जाने के बाद, स्पीकर ओम बिरला सदन की कार्यवाही का संचालन नहीं कर पाएंगे।
मंगलवार की सुबह 11 बजे जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, तो ओम बिरला सदन की कार्यवाही का संचालन करने चेयर पर नहीं आए। इसके बजाय डिप्टी स्पीकर पैनल के पीसी मोहन ने कार्यवाही की शुरुआत की। हालांकि, विपक्ष के जोरदार हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो मिनट से भी अधिक नहीं चल सकी और इसे पहले दोपहर 12 बजे तक, फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा में जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स के साथ बैठक की। स्पीकर के चैंबर में हुई इस बैठक में बताया गया कि दो बजे से सदन चलाने पर सहमति बन गई है। विपक्ष दोपहर तक आठ सांसदों के निलंबन को समाप्त करने की शर्त पर गतिरोध खत्म करने के लिए तैयार है। हालांकि, इस बारे में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। दो बजे शशि थरूर सदन में बजट पर चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं।
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि हम मल्ल युद्ध नहीं चाहते और चाहते हैं कि चेयर को अपनी बात रखने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि अगर हमारे मुद्दे तीन दिन के भीतर हल नहीं किए जाते हैं, तो हम किसी भी समय अविश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं। अभिषेक बनर्जी ने यह भी दावा किया कि हमने हमेशा संसद में रचनात्मक भूमिका निभाई है।
(For more news apart from Opposition Moves 'No Trust' Motion Against Speaker Om Birla news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)