भाजपा के पैटर्न पर आम आदमी पार्टी भी पंजाब में कर रही एजेंसियों का गलत इस्तेमाल
Punjab News: पूर्व शिक्षा मंत्री और विधायक परगट सिंह ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का समन भेजे जाने पर भारतीय जनता पार्टी को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा में अपनी पोजीशन और पंजाब के बारे में पार्टी की समझ पर सवाल उठाए तो उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का शिकंजा कस दिया गया। इसी पैटर्न पर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार भी काम कर रही है। दोनों पार्टियों में विरोध करने वाली आवाजों को चुप या साइडलाइन करने का काम किया जा रहा है।
परगट सिंह ने कहा कि भाजपा शुरू से ही केंद्रीय एजेंसियों का अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करती आ रही हैं। देश भर में विपक्षी पार्टियों के नेताओं पर ईडी और अन्य एजेंसियों के जरिए शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कैप्टन अमरिंदर सिंह बतौर मुख्यमंत्री पंजाब और किसानों के हितों के लिए खड़े हुए थे, तो कथित तौर पर उन्हें रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया था। फिर उन पर भाजपा में शामिल होने का दबाव डाला गया।
अब कैप्टन के साथ जैसा बर्ताव किया जा रहा है, वह किसी भी पंजाबी नेता के साथ हो सकता है। भाजपा या आप जैसी पार्टियों में जाने की सोचने वाले नेताओं के लिए यह चेतावनी है। उनको ऐसा कदम उठाने से पहले कई बार सोचने की जरूरत है।
विधायक ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की सेहत को लेकर भी चिंता जाहिर की। उनकी अच्छी सेहत की कामना करते हुए कहा कि उनको सलाह दी है कि अब उन्हें अपनी रिटायरमेंट लाइफ को बेहतर बनाने के लिए काम करना चाहिए। वह किताबें लिखें और परिवार व दोस्तों को समय दें।
पूर्व शिक्षा मंत्री ने चेताया कि पंजाब में भी माहौल खराब हो चुका है। भाजपा के पैटर्न पर पंजाब में आम आदमी पार्टी काम करती नजर आ रही है। वह भी सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल करने से संकोच नहीं कर रही हैं। आप सरकार तो एजेंसियों का इस्तेमाल अपने ही विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाती है। जिससे कई मामले लॉजिकल नतीजे तक नहीं पहुंच पाते। सरकारें उनके खिलाफ बुलंद होने वाली और विरोध करने वाली आवाजों को चुप करवा रही हैं या फिर साइडलाइन कर देती हैं।
(For more news apart from Captain Amarinder Singh was punished for saying that the BJP doesn't understand Punjab: Pargat Singh news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)