India vs Pakistan: जानें 1947 के बाद भारत-पाक के बीच कब-कब हुए सशस्त्र संघर्ष
Published : May 7, 2025, 4:57 pm IST
Updated : May 7, 2025, 4:57 pm IST
SHARE ARTICLE
Details of India-Pakistan armed conflicts after 1947 News In Hindi
Details of India-Pakistan armed conflicts after 1947 News In Hindi

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम से अंजाम दिया गया।

Details of India-Pakistan armed conflicts after 1947 News In Hindi: भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जो भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य तनाव के घटनाक्रम में एक और अध्याय है।

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नाम से अंजाम दिया गया। सिंदूर, जिसे हिंदू महिलाएं सुहाग के प्रतीक के रूप में अपने सिर पर लगाती हैं। ये नाम उन महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने पहलगाम हमले में अपने पतियों को खो दिया. 

वर्ष 1947 से लेकर भारत-पाक के बीच हुए सशस्त्र संघर्षों का ब्योरा इस प्रकार है:

1947 (पहला भारत-पाक युद्ध) :

इस युद्ध को प्रथम कश्मीर युद्ध के रूप में भी जाना जाता है। यह तब शुरू हुआ जब नव स्वतंत्र राष्ट्र भारत और पाकिस्तान के बीच तत्कालीन जम्मू कश्मीर रियासत को लेकर संघर्ष छिड़ गया। इसकी शुरुआत अक्टूबर 1947 में हुई जब पाकिस्तान समर्थित कबायली मिलिशिया ने रियासत पर आक्रमण कर दिया। महाराजा हरि सिंह द्वारा जम्मू कश्मीर के भारतीय संघ में विलय के बाद, भारत ने इस क्षेत्र की रक्षा के लिए अपनी सेना भेजी, जिससे दोनों देशों के बीच बड़े पैमाने पर संघर्ष हुआ।

यह संघर्ष जनवरी 1949 तक जारी रहा, जब संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता से संघर्ष विराम लागू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप नियंत्रण रेखा (एलओसी) के रूप में भारत और पाकिस्तान के बीच कश्मीर का विभाजन हुआ।

1965 (दूसरा भारत-पाक युद्ध):

5 अगस्त, 1965 को कश्मीर को लेकर सशस्त्र संघर्ष छिड़ गया। यह तब शुरू हुआ जब हजारों पाकिस्तानी सैनिकों ने स्थानीय विद्रोहियों के वेश में जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की।

‘ऑपरेशन जिब्राल्टर’ के नाम से जाना जाने वाला गुप्त अभियान, इस क्षेत्र को अस्थिर करने और स्थानीय विद्रोह को भड़काने के उद्देश्य से चलाया गया था। भारत ने सैन्य हमला करके जवाब दिया, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पूरी तरह जंग में बदल गया।

युद्ध 23 सितंबर, 1965 तक जारी रहा, जब दोनों पक्ष तत्कालीन सोवियत संघ और अमेरिका की मध्यस्थता से युद्ध विराम पर सहमत हुए।

1971 (बांग्लादेश मुक्ति संग्राम):

1971 का भारत-पाक युद्ध पूर्वी पाकिस्तान (अब बांग्लादेश) में पाकिस्तानी सेना के दमन की कार्रवाई और उस हिस्से से उठी स्वतंत्रता की मांग के कारण शुरू हुआ था। भारत ने बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के समर्थन में युद्ध में हिस्सा लिया और फिर, पूर्वी और पश्चिमी दोनों मोर्चों पर भीषण लड़ाई के बाद, 16 दिसंबर, 1971 को पाकिस्तान की सेना ने आत्मसमर्पण कर दिया।

इस युद्ध के कारण बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया।

1999 (करगिल युद्ध):

1999 का करगिल युद्ध भारत और पाकिस्तान के बीच ऊंचाई वाले क्षेत्र में हुआ संघर्ष था, जो उस साल मई से जुलाई तक लड़ा गया था। तब पाकिस्तानी सैनिकों और आतंकवादियों ने जम्मू कश्मीर के करगिल क्षेत्र में पर्वत चोटियों पर कब्जा कर लिया था। भारत ने वायु सेना के ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ के समर्थन के साथ क्षेत्र पर पुनः नियंत्रण प्राप्त करने के लिए ‘ऑपरेशन विजय’ शुरू किया।

26 जुलाई, 1999 को भारत के इस क्षेत्र पर पुन: नियंत्रण प्राप्त करने के साथ युद्ध समाप्त हो गया। इस दिन को अब ‘करगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

2016 (उरी हमला):

18 सितंबर, 2016 को जम्मू कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के एक केंद्र पर हुए आतंकवादी हमले में 19 सैनिकों के शहीद होने के बाद भारत ने 28-29 सितंबर की दरमियानी रात को नियंत्रण रेखा के पार सर्जिकल स्ट्राइक की। भारतीय सेना ने पीओके में कई आतंकवादी लॉन्च पैड को निशाना बनाया, जिसमें घुसपैठ की तैयारी कर रहे कई आतंकवादी ढेर हो गए।

2019 (पुलवामा हमला):

26 फरवरी, 2019 को, भारतीय वायु सेना ने पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर पर हवाई हमले किए। पुलवामा आतंकी हमले में 40 सीआरपीएफ जवान मारे गए थे। बालाकोट ‘एयर स्ट्राइक’ में लड़ाकू विमानों का उपयोग करते हुए भारत ने पाकिस्तानी क्षेत्र में अंदर तक आतंकी शिविर को निशाना बनाया। यह 1971 के युद्ध के बाद पहला ऐसा हवाई हमला था।

(For ore news apart From Details of India-Pakistan armed conflicts after 1947 News In Hindi, stay tuned to Spokesman HindI) 


 

Location: India, Delhi, New Delhi

SHARE ARTICLE
Advertisement

 

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प पर हुए हमले के प्रयास के पीछे क्या कारण है?

26 Apr 2026 3:50 PM

\'वे पार्टी का सम्मान नहीं कर सके, 3 करोड़ पंजाबियों को धोखा दिया\': हरपाल चीमा

25 Apr 2026 1:48 PM

अजनाला गांव में हादसा: खेत में कंबाइन हार्वेस्टर पलटी, आग लगी | 2 घायल

18 Apr 2026 4:39 PM

अमृतसर के मुदित जैन ने 500/500 अंक प्राप्त करके शीर्ष स्थान हासिल किया

16 Apr 2026 10:51 AM

मुझे फांसी दे दो, रहम की कोई जरूरत नहीं, आप अपने अपील वापस ले लें, बलवंत सिंह राजोआना ने जत्थे से कहा...

01 Apr 2026 9:47 PM

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खु ने प्रवेश कर पर टिप्पणी की | पुरानी दरें बहाल की गईं, नई दरें हटाई गईं

01 Apr 2026 2:06 PM