यह भगदड़ 'कलश यात्रा' में भारी भीड़ जुटने की वजह से हुआ।
MP Stampede: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के पहले ही दिन बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार को प्रस्तावित कलश यात्रा से पहले कलश वितरण के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और एक बच्ची समेत सात महिलाएं घायल हो गईं।
यह हादसा स्टेडियम ग्राउंड में उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में महिलाएं कलश लेने पहुंचीं। आयोजकों के अनुसार कलश यात्रा में करीब 21 हजार महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया था, लेकिन भीड़ नियंत्रण की उचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।
घटना में कुल सात लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार घायलों का इलाज डबरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक बच्ची और एक महिला को ग्वालियर के एप्पल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य महिला को जेएएच (जयारोग्य अस्पताल) में रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान एप्पल हॉस्पिटल और जेएएच पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, आईजी अरविंद सक्सेना, एडिशनल एसपी सुमन गुर्जर, एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल और सीएमएचओ डॉ. सचिन श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
प्रशासन के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और कड़ी निगरानी के बीच कलश यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से नवग्रह शक्तिपीठ तक सुरक्षित रूप से पहुंची।
उल्लेखनीय है कि डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ का दस दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह मंगलवार से शुरू हुआ है और यह 20 फरवरी तक चलेगा। इस आयोजन के मुख्य यजमान पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा हैं। कार्यक्रम के दौरान तीन-तीन दिन के लिए पंडित प्रदीप मिश्रा, पंडित धीरेन्द्र शास्त्री और कवि कुमार विश्वास के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तावित हैं, जबकि दाती महाराज 10 दिनों तक रात्रिकालीन विशेष अनुष्ठान करेंगे।
इस मंदिर में नौ ग्रह अपनी-अपनी पत्नियों और वाहनों के साथ विराजमान होंगे। पहले दिन की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(For more news apart from One Woman Killed, Two Injured At Stampede In Gwalior Dabra Navagraha Peetha Kalash Yatra news in hindi,stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)