राखी गढ़ी में सीएम का भव्य स्वागत किया गया।
Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विश्व की प्रतिष्ठित पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी पहुंचे, जहां छात्राओं ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने यहां तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मॉक एक्सकवेशन स्थल का निरीक्षण किया और खुदाई से प्राप्त हड़प्पाकालीन वस्तुओं की प्रदर्शनी के स्टॉल देखे। कार्यक्रम स्थल पर लोगों और स्कूली बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम उस धरती पर खड़े हैं, जिसे हमारे पूर्वजों ने हजारों वर्ष पहले बसाया था। राखीगढ़ी न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का प्रतीक है। यहां विश्वस्तरीय पुरातत्व संग्रहालय, शोध संस्थान, पर्यटन सुविधाओं और आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह सभी हरियाणावासियों के लिए गर्व की बात है कि विश्व की सबसे बड़ी और विकसित सभ्यताओं में से एक का महत्वपूर्ण केंद्र हरियाणा में स्थित है। यह महोत्सव इतिहास में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है।
सीएम सैनी ने कहा कि यह महोत्सव युवा पीढ़ी को अपने अतीत से जोड़ने और उन्हें ज्ञान-विज्ञान की समृद्ध परंपरा से परिचित कराने का अवसर देता है। राखीगढ़ी की खुदाई से यह भी स्पष्ट होता है कि प्राचीन समाज में महिलाओं को सम्मान और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त थे।
सीएम ने बताया कि राखीगढ़ी में 22 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है, जो भविष्य में पर्यटन और शोध का प्रमुख केंद्र बनेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दो पंचायतों को 21-21 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी में स्थापित किया जा रहा नॉलेज सेंटर, राखीगढ़ी की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र न केवल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में भी सहायक होगा। वहीं, राखीगढ़ी में 22 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह हड़प्पन नॉलेज सेंटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी ऑफ इंडिया के सहयोग से तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य केवल ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से आमजन, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को हड़प्पा सभ्यता से जोड़ना है।
इस केंद्र में 3-डी तकनीक के माध्यम से राखीगढ़ी के इतिहास, जीवनशैली, नगर योजना, संस्कृति और सभ्यता के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है। यहां उपलब्ध जानकारी कई भाषाओं में दी जा रही है, ताकि देश और विदेश से आने वाले पर्यटक इसे आसानी से समझ सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ देश के जाने-माने पुरातत्वविद और डेक्कन यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो. वसंत शिंदे, मंत्री अरविंद शर्मा और मंत्री रणबीर गंगवा, जिला पार्षद दिनेश श्योराण, सामाजिक कार्यकर्ता विक्की मलिक सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राखीगढ़ी स्थित संग्रहालय में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने म्यूजियम परिसर के मीटिंग हॉल में अधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में मुख्यमंत्री राखी शाहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हड़प्पन नॉलेज सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों पंचायतों को 21-21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
(For more news apart from Rakhigarhi will become a center of modern knowledge and tourism- CM Saini news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)