हर साल मार्च महीने के दूसरे गुरुवार को विश्व किडनी दिवस मनाया जाता है
पटना : यूरोलॉजिस्ट डॉ नवीन कुमार ने बताया कि शरीर में किडनी की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन किडनी की बीमारी पर अक्सर लोगों का ध्यान नहीं जाता है। कई लोगों को किडनी की बीमारी का देर से पता चलता है, जब उसे नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। किडनी की बीमारी से हर साल पूरे विश्व में लाखों लोगों की मौत असमय हो जाती है। शुरुआत में इसकी पहचान करके जीवन को बचाया जा सकता है। इन सब चीजों को देखते हुए किडनी की समस्याओं के प्रति लोगो को जागरुक करने के लिए हर साल मार्च महीने के दूसरे गुरुवार को विश्व किडनी दिवस मनाया जाता है।
पहली बार विश्व किडनी दिवस साल 2006 में मनाया गया था और इस साल किडनी दिवस 12 मार्च को मनाया जा रहा है। विश्व किडनी दिवस 2026 की थीम है, "क्या आपकी किडनी ठीक है? समय रहते पता लगाएं, किडनी के स्वास्थ्य की रक्षा करें"। इसको मनाए जाने का मुख्य उद्देश्य देश और दुनिया के लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, किडनी की बीमारियों को पहचानने के लिए प्रोत्साहित करना है। आप नियमित रूप से यूरिन और ब्लड टेस्ट के द्वारा किडनी की बीमारियों को पहचान कर, शुरुआत में ही इसका इलाज करा सकते हैं। अपने संपूर्ण स्वास्थ्य की देखभाल के लिए किडनी को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। किडनी शरीर में मौजूद अपशिष्ट उत्पादों को शरीर से बाहर निकालने में मदद करती है। शरीर में पानी की स्थिरता को बनाए रखे के लिए प्रचुर मात्रा में पानी का सेवन करें। संतुलित आहार का सेवन किडनी को हेल्दी रखने के लिए बहुत जरूरी है।
अपने डाइट में फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, होल ग्रेन, हेल्दी फैट इत्यादि को शामिल करें और प्रोसेस्ड फुड, नमक, अतिरिक्त चीनी, और सैचुरेटेड फैट का सेवन को सीमित करें। हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) किडनी में मौजूद ब्लड वेसल्स (रक्त नलिकाओं) को क्षति पहुंचा सकता है और किडनी की कार्यक्षमता को खराब कर सकता है। ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने के लिए नियमित रूप से इसकी जांच करना जरूरी है। नियमित रूप से एक्सरसाइज, योग या शारीरिक गतिविधी किडनी हेल्थ के साथ संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होती है। शारीरिक व्यायाम हृदय के लिए अच्छा होता है, ब्लड प्रेशर को ठीक रखने में मदद करता है, वजन कम करता है और कई तरह के बीमारियों से बचाने का काम करता है। नींद भी पूरी होनी चाहिए और धूम्रपान और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए। नियमित रूप से हेल्थ चेकअप, किडनी फंक्शन को मॉनिटर करने और बीमारी की शुरुआती अवस्था में पता लगाने के लिए बहुत जरूरी है। बिहार में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनता के बीच किडनी के लिए जागरूकता का अभाव है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सामान्य जनों को किडनी को स्वस्थ रखने के उपाय बताने चाहिए और उन्हें समझाना चाहिए की किडनी से संबंधित कोई भी स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से राय लें।