असम में जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में राहुल ने 'गमोसा' पहनने से इनकार कर दिया।
Amit shah Assam Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन दिनों असम के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने डिब्रूगढ़ के खानिकर परेड ग्राउंड में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
अमित शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने असम की सांस्कृतिक पहचान ‘गमोसा’ का अपमान किया है। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में सभी अतिथियों को सम्मान स्वरूप असम का पारंपरिक स्कार्फ ‘गमोसा’ भेंट किया गया था।
शाह के अनुसार, विदेशी मेहमानों समेत सभी प्रमुख नेताओं ने गमोसा धारण किया, लेकिन राहुल गांधी ने इसे पहनने से इनकार कर दिया। अमित शाह ने दावा किया कि राहुल गांधी ऐसा करने वाले एकमात्र व्यक्ति थे।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी अपनी मर्जी से फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हो सकते हैं, लेकिन भाजपा नॉर्थ ईस्ट की संस्कृति का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक भाजपा सत्ता में है, तब तक राज्य की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान पूरी तरह सुरक्षित रहेगा।
अमित शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार असम के विकास और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के पुराने शासन पर तीखे सवाल उठाते हुए कहा, “मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि उनकी पार्टी ने असम को बंदूकें, गोलियां, संघर्ष और युवाओं की मौत के अलावा आखिर दिया ही क्या है।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा घुसपैठ को अपने वोट बैंक की राजनीति के लिए एक हथियार की तरह इस्तेमाल किया है। शाह ने दावा किया कि असम में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद घुसपैठ पर काफी हद तक नियंत्रण किया गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान की जाएगी और उन्हें देश से वापस भेजा जाएगा।
असम के धेमाजी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य में तेजी से जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के बीस वर्षों के शासन के दौरान असम के सात जिले—धुबरी, बारपेटा, दरांग, मोरीगांव, बोंगाईगांव, नगांव और गोलपारा—घुसपैठियों से भर गए।
अमित शाह ने दावा किया कि वर्तमान में इन जिलों में घुसपैठियों की आबादी बढ़कर 64 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यदि घुसपैठ पर रोक लगानी है, तो आने वाले चुनावों में एक बार फिर भाजपा को समर्थन देना होगा।
गृह मंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि उन्हें हथियार उठाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह जिम्मेदारी असम की हिमंत बिस्वा सरमा सरकार निभाएगी।
(For more news apart from Amit Shah blasts Rahul Gandhi in poll-bound Assam news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)