भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष और राज्य सभा के सदस्य।
PT Usha's Husband Death: भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य पीटी उषा के पति, वी श्रीनिवासन का निधन हो गया है। परिवार के सूत्रों के अनुसार, 30 जनवरी की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। वी श्रीनिवासन 67 वर्ष के थे। सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस दुखद अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात कर अपना शोक व्यक्त किया।
केंद्रीय सरकार के पूर्व कर्मचारी रहे वी श्रीनिवासन ने पीटी उषा के शानदार खेल करियर और राजनीतिक जीवन के दौरान हमेशा उनका समर्थन किया। उन्हें उषा का मजबूत संबल और उनकी कई पेशेवर उपलब्धियों के पीछे प्रेरक शक्ति माना जाता था। इस दंपति का एक बेटा है, जिसका नाम उज्ज्वल है। पीटी उषा ने 1991 में श्रीनिवासन से विवाह किया था। श्रीनिवासन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डिप्टी एसपी के पद से सेवानिवृत्त थे।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने वी श्रीनिवासन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “राज्यसभा सांसद और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के पति श्री वी. श्रीनिवासन जी के निधन की खबर से मैं अत्यंत दुखी हूं। उषा जी और शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। इस कठिन समय में उन्हें शक्ति मिले, ऐसी मेरी प्रार्थना है।”
पीटी उषा, जिन्हें ‘उड़नपरी’ के नाम से जाना जाता है, भारतीय खेल इतिहास की सबसे प्रेरक हस्तियों में से एक हैं। ऐसे में उनके निजी जीवन में यह दुखद क्षति न केवल उनके लिए, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी गहरा सदमा है। सोशल मीडिया पर खिलाड़ी, कोच, प्रशंसक और आम लोग लगातार उन्हें हिम्मत और संबल देने के संदेश भेज रहे हैं।
(For more news apart from PT Usha's husband, V Srinivasan passes away at 67 news in hindi, tay tuned to Rozanaspokesman hindi)