पंजाब और चंडीगढ़ इस समय ठंड की चपेट में हैं।
Punjab Weather Update: पंजाब और चंडीगढ़ इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने 5 जनवरी और आज के लिए घने कोहरे, शीतलहर और ठंडे मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति 9 जनवरी तक बने रहने की संभावना है। (Intense cold wave grips Punjab and Chandigarh news in hindi)
ठंड के कारण दिन और रात दोनों के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में औसत तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। होशियारपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में ठंडा दिन दर्ज किया गया।
रविवार को चंडीगढ़ और पूरे पंजाब में कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में सूरज नहीं निकला। अमृतसर में विज़िबिलिटी ज़ीरो मीटर, बल्लोवाल में 50 मीटर और गुरदासपुर में 200 मीटर रिकॉर्ड की गई। इससे गाड़ी चलाने वालों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान कुछ जगहों पर टेम्परेचर 5 से 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आज गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
वहीं पठानकोट, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहने का अनुमान है। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में ठंडे दिन रहने की उम्मीद है। मौसम के शुष्क बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात से आठ दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और पंजाब व हरियाणा में घना कोहरा छाया रहेगा। धूप न निकलने के कारण ठंडे दिन बने हुए हैं। अमृतसर, महेंद्रगढ़ और चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। फिलहाल मौसम साफ होने की कोई खास संभावना नहीं है। लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
(For more news apart from Intense cold wave grips Punjab and Chandigarh news in hindi, stay tuned to Rozanaspokesman Hindi)